*रूपपुर सहार विद्युत उपकेंद्र से नहीं थम रही रात्रिकालीन बिजली कटौती 15 घंटे से बिजली ठप*
*बिधूना,औरैया।* भले ही प्रदेश के ऊर्जा मंत्री द्वारा सूर्यास्त से सुबह तक गांव में बिजली कटौती न करने के सख्त निर्देश दिए गये हैं। लेकिन बिधूना क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र रुपपुर सहार के अधिकारी कर्मचारी आज तक रात्रिकालीन बिजली कटौती करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिससे उपभोक्ता भीषण गर्मी में बुरी तरह हलकान हो रहे हैं। इस विद्युत उपकेंद्र से जुड़े बहादुरपुर फीडर व पुर्वा रामदास फीडर से संबंधित आधा सैकड़ा से अधिक गांवों के उपभोक्ता पूरी तरह से आजिज आ चुके हैं।इस उप केंद्र से आये दिन आपूर्ति कई कई घंटे बंद रहने और दिन के समय जब कभी बिजली आती भी है, बिजली की आंख मिचौली जारी रहने के कारण उपभोक्ताओं को बिजली का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। रात के समय अक्सर ही अघोषित बिजली कटौती की जाती है। बिजली के अभाव में उपभोक्ताओं की रात की नींद हराम हो रही हैं, वही नलकूप बंद रहने से किसान सिंचाई और पलेवा के लिए परेशान हो रहे हैं, जिससे पीड़ित लोगों में विद्युत विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थिति यह है कि पिछले लगभग 15 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। समस्या से आजिज लोगों ने जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल सुनिश्चित कराए जाने की जिला प्रशासन से मांग की है। इस संबंध में पूछे जाने पर अवर अभियंता ने बताया है कि फाल्ट के कारण आपूर्ति ठप हुई थी।

No comments:
Post a Comment