भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी खूबसूरती और अदाओं से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री माही श्रीवास्तव एक बार फिर नए अंदाज में नजर आ रही हैं। उनका नया भोजपुरी गाना ‘नया ला द ओढ़निया’ वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के ऑफिशियल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया है। गाने को लोकप्रिय गायक गोल्डी यादव ने अपनी आवाज दी है। वीडियो में माही श्रीवास्तव का ग्लैमरस अंदाज, शानदार डांस और रंगीन प्रस्तुति दर्शकों का ध्यान खींचती है।
‘नया ला द ओढ़निया’ में भोजपुरी संगीत के साथ रोमांटिक और मस्तीभरा अंदाज देखने को मिलता है। वीडियो में माही श्रीवास्तव हरे रंग की खूबसूरत साड़ी में अपने डांस और अदाओं से माहौल में रंग भरती नजर आती हैं। वहीं, उनके साथ लाल साड़ियों में नजर आ रही डांसर्स की टीम ने प्रस्तुति को और आकर्षक बनाया है। शानदार लोकेशन, खूबसूरत लाइटिंग और डांस सीक्वेंस गाने को भव्य लुक देते हैं।
निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा, “हमारी हमेशा कोशिश रहती है कि भोजपुरी दर्शकों को मनोरंजन से भरपूर और बेहतरीन गुणवत्ता वाले गाने दें। ‘नया ला द ओढ़निया’ एक मस्तीभरा और मनोरंजक गाना है। गोल्डी यादव की आवाज और माही श्रीवास्तव की शानदार प्रस्तुति ने इसे खास बना दिया है। हमें उम्मीद है कि दर्शक इस गाने को खूब प्यार देंगे।”
अभिनेत्री माही श्रीवास्तव ने कहा, “इस गाने की शूटिंग मेरे लिए बहुत मजेदार अनुभव रहा। ‘नया ला द ओढ़निया’ में मेरा लुक और डांस बाकी गानों से थोड़ा अलग है। पूरी टीम ने काफी मेहनत की है। मैं चाहती हूं कि दर्शक मेरे इस नए अंदाज को पसंद करें और गाने पर खूब रील्स बनाएं।”
गायक गोल्डी यादव ने कहा, “यह गाना मेरे लिए काफी खास है। इसके बोल और संगीत में एक अलग तरह की मस्ती है। मैंने इसे पूरे उत्साह के साथ गाया है। माही श्रीवास्तव ने अपने अंदाज से वीडियो में चार चांद लगा दिए हैं। उम्मीद है कि श्रोताओं को यह गाना पसंद आएगा और वे इसे खूब सुनेंगे।”
गीत के बोल मुकेश मिश्रा ने लिखे हैं, जबकि संगीत छोटू बंटी ने तैयार किया है। प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी नवरत्न पांडे ने संभाली है। निर्देशन गोल्डी जायसवाल ने किया है। डीओपी राजन वर्मा, कोरियोग्राफर सनी सोनकर, एडिटर आलोक गुप्ता और डीआई रोहित सिंह हैं। प्रोडक्शन की जिम्मेदारी पंकज सोनी ने संभाली है।
No comments:
Post a Comment