प्रयागराज। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 में अधिकाधिक छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन की मंशा के अनुरूप उच्च प्राथमिक विद्यालय पीएसी, नैनी नगर क्षेत्र, प्रयागराज में एआरपी (सामाजिक अध्ययन) मनोज कुमार पाण्डेय ने विद्यालय का निरीक्षण एवं शैक्षणिक सुपरवीजन किया।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक मुहम्मद रिजवान ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कक्षा-7 का सुपरवीजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक अध्ययन विषय का अध्यापन नवाचार एवं रोचक शैली में कराया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ शिक्षण गतिविधियों में भाग लिया और शिक्षक द्वारा पूछे गए प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए। कक्षा का अनुशासन एवं शिक्षण वातावरण भी सराहनीय रहा।
इसके बाद एआरपी मनोज कुमार पाण्डेय ने स्वयं भी कक्षा का संचालन किया और सामाजिक अध्ययन व गणित विषय से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों से पृथ्वी की परतों, सौरमंडल के ग्रहों तथा भिन्नों (1/2 और 1/3) से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया।
निरीक्षण के उपरांत एआरपी ने विद्यालय के शिक्षकों को शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार एवं विद्यालय विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने प्रतिदिन प्रार्थना से पूर्व 30 सेकंड तक घंटावादन की परंपरा का पालन करने, निपुण प्लस ऐप के माध्यम से सभी विद्यार्थियों का मूल्यांकन पूर्ण करने, निपुण तालिका, शिक्षक डायरी एवं आकलन ट्रैकर को अद्यतन रखने तथा स्मार्ट क्लास का प्रभावी एवं नियमित संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ अध्यापक मुहम्मद रिजवान ने एआरपी मनोज कुमार पाण्डेय का विद्यालय आगमन, मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
No comments:
Post a Comment